• October to December 2025 Article ID: NSS9556 Impact Factor:8.05 Cite Score:5 Download: 0 DOI: https://doi.org/ View PDf

    भारतीय परिप्रेक्ष्य में ऑनर किलिंग से संबंधित प्रावधान और विधियाँ

      डॉ. मिर्जा मोजिज बेग
        सहायक प्राध्यापक (विधि) शासकीय नवीन विधि महाविद्यालय, इंदौर (म.प्र.)
      पुष्पेन्द्र
        शोधार्थी, शासकीय नवीन विधि महाविद्यालय, इंदौर (म.प्र.)

शोध सारांश-  सार- “भारतीय परिप्रेक्ष्य में ऑनर किलिंग से संबंधित प्रावधान और विधियाँ” नामक शोध पत्र में भारत में ऑनर किलिंग की घटनाओं, उनके सामाजिक और कानूनी कारणों, तथा विधिक प्रावधानों का विश्लेषण प्रस्तुत किया गया है। ऑनर किलिंग, जिसे “सम्मान हत्या” के नाम से भी जाना जाता है, मुख्यतः परिवार और समाज द्वारा व्यक्तिगत स्वतंत्रता और विवाहिक चुनाव पर आधारित नियंत्रण की प्रवृत्ति का परिणाम है। यह अपराध जाति, धर्म, सामाजिक प्रतिष्ठा और पारिवारिक मान्यताओं से जुड़ी सामाजिक मानसिकता का दुष्परिणाम है।

शोध में यह पाया गया कि ऑनर किलिंग के मामलों में सामाजिक दबाव, पितृसत्तात्मक सोच, और समुदाय की मान्यताएँ प्रमुख कारण हैं। विधिक दृष्टि से, भारतीय दंड संहिता के प्रावधान जैसे हत्या (धारा302), आपराधिक षड्यंत्र (धारा120B), और विधि विरुद्ध जमाव (धारा143-149) इस अपराध पर लागू होते हैं, किंतु अक्सर अभियोजन और साक्ष्य की कठिनाइयों के कारण न्याय सुनिश्चित नहीं हो पाता। न्यायालयों ने कुछ मामलों में दोषियों को कड़ी सजा सुनाई है, परंतु ऑनर किलिंग को एक विशिष्ट अपराध के रूप में अलग पहचान देने वाला कानून अभी तक पर्याप्त रूप से लागू नहीं हुआ है।

इस शोध का उद्देश्य ऑनर किलिंग के सामाजिक और विधिक कारणों को उजागर करना, न्यायिक दृष्टिकोण का मूल्यांकन करना, तथा ऐसे अपराधों को रोकने के लिए सुधारात्मक विधिक और सामाजिक उपाय सुझाना है। अध्ययन में केस स्टडी, न्यायिक निर्णय और साहित्यिक समीक्षा के माध्यम से यह निष्कर्ष निकाला गया है कि ऑनर किलिंग न केवल मानवाधिकारों का उल्लंघन करती है, बल्कि भारतीय समाज में समानता, स्वतंत्रता और न्याय के संवैधानिक मूल्यों को भी चुनौती देती है।

शोध में यह स्पष्ट किया गया है कि प्रभावी रोकथाम के लिए केवल दंडात्मक कानून पर्याप्त नहीं हैंय बल्कि समाज में साक्षरता, जागरूकता और न्यायिक सुधार के उपाय भी अनिवार्य हैं, ताकि ऑनर किलिंग जैसी घटनाओं को न्यूनतम किया जा सके और पीड़ितों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।

शब्द कुंजी-ऑनर किलिंग, सामाजिक कुरीति, भारतीय दंड संहिता, सामाजिक संरचना, सांस्कृतिक मान्यता, कानूनी सुधार, सामाजिक जागरूकता।